बहुआयामी सृजन कर कल्पनाओं को दिया सुनहरा आकार!
लक्ष्मणगढ़ झरी स्कूल में शिक्षण सप्ताह: बच्चों ने
बहुआयामी सृजन कर कल्पनाओं को दिया सुनहरा आकार!
बांसवाड़ा (व्हाट्सएप- 6367472963). राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मणगढ़ झरी में शिक्षण सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को शिक्षण सप्ताह का शुभारंभ प्रधानाचार्य कीर्ति श्रीमाल ने किया। इसके पहले दिन शिक्षण अधिगम दिवस की विभिन्न गतिविधियां आकर्षण का केन्द्र रहीं।
इस दौरान् शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) के माध्यम से प्रदर्शनी लगाकर विद्यार्थियों को इनसे संबंधित विधियों एवं उपयोग की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी के अन्तर्गत बच्चों ने सृजनात्मक कौशल का परिचय देते हुए अपने मन की कल्पनाओं को सुनहरा आकार दिया और अंगूठा, हाथ आदि से छाप व आकृतियों की रचना की, हाथों के हुनर का कमाल दिखाते हुए मिट्टी से अलग-अलग चित्रों का सृजन किया तथा परम्परागत खेलकूद के माध्यम से शिक्षा के महत्त्व को जाना एवं समझा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य कीर्ति श्रीमाल ने बच्चों को शिक्षण सप्ताह के अंतर्गत निर्धारित थीम के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता के बारे में जानकारी दी और हाथ धोने की विधि तथा हर तरह की स्वच्छता को अपनाने के बारे में विस्तार से समझाया।
प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में आगामी 28 जुलाई तक विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन प्रतिदिन किया जाएगा।
इस अवसर पर फूल कुमारी चरपोटा, जया कुमारी निनामा, राचिका भावसार, प्रेरणा उपाध्याय, राजमल डिण्डोर आदि ने विद्यार्थियों को टीएलएम तथा अन्य प्रवृत्तियों के बारे में जानकारी दी।


Comments
Post a Comment